_* छत्तीसगढ़ की उत्सव संस्कृति और आजीविका को नई पहचान दे रहा है इवेंट उद्योग: श्री अरुण साव_
_* राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय संस्था ईमा से संबद्ध छत्तीसगढ़ का पहला राज्य-स्तरीय इवेंट कॉन्क्लेव प्रारंभ_
_* 300+ प्रतिभागी, 18+ राष्ट्रीय वक्ता, नॉलेज सेशन, एग्जीबिशन और 24 श्रेणियों में अवॉर्ड्स नाइट के साथ संपन्न हुआ पहला दिन_
_* दूसरे दिन के समापन सत्र में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी होंगे मुख्य अतिथि_
रायपुर, 18 सितम्बर 2026:
इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (ईमैक) द्वारा आयोजित दो दिवसीय राज्य-स्तरीय महाकुंभ ‘ईकॉन 2026’ (इवेंट एंड एंटरटेनमेंट कॉन्क्लेव 2026) का भव्य शुभारंभ शुक्रवार, 18 सितम्बर को राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित ‘द वाहे – बैंक्वेट एंड रिसॉर्ट्स’ में हुआ। राष्ट्रीय संस्था ईमा एवं सीओआरईए के सहयोग से आयोजित इस ऐतिहासिक कॉन्क्लेव के प्रथम दिन का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
*पारंपरिक पंथी नृत्य से हुआ मुख्य अतिथि का स्वागत*
सभागार में आगमन पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी का स्वागत छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पंथी नृत्य, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया। औपचारिक उद्घाटन से पूर्व उन्होंने स्थल पर सजी भव्य इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन का अवलोकन किया और लोकल व नेशनल एग्जीबिटर्स के इनोवेशंस की सराहना की।
*”आजीविका और संस्कृति का संवाहक है इवेंट सेक्टर” — श्री अरुण साव*
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी फेस्टिविटी, सेलिब्रेशन और लोक-संस्कृति के लिए विख्यात है। राज्योत्सव, हरेली, पंथी, राउत नाचा से लेकर बस्तर के जनजातीय पर्वों तक हमारी सांस्कृतिक धरोहर को देश-विदेश के आधुनिक मंचों तक ले जाने में इवेंट इंडस्ट्री एक सेतु की भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह उद्योग केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि डेकोरेशन, टेंट, साउंड-लाइट, कैटरिंग, परिवहन, हॉस्पिटैलिटी और लोक कलाकारों से जुड़े हजारों परिवारों व स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की आजीविका का मजबूत आधार है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नया रायपुर का विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर तथा चित्रकोट, बारनवापारा और मैनपाट जैसे प्राकृतिक पर्यटन केंद्र छत्तीसगढ़ को डेस्टिनेशन वेडिंग, राष्ट्रीय सम्मेलनों एवं सांस्कृतिक पर्यटन का शीर्ष गंतव्य बनाने की पूरी क्षमता रखते हैं। उन्होंने उद्योग जगत से उच्च सुरक्षा मानकों, नियमों और व्यावसायिकता का पालन करते हुए शासन के बड़े आयोजनों में सक्षम भागीदार बनने का आह्वान किया।
*नीतिगत चर्चा और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति*
उद्घाटन उद्बोधन के पश्चात उपमुख्यमंत्री जी ने ईमा (EEMA) एवं ईमैक (EEMAC) के राष्ट्रीय व राज्य प्रतिनिधियों के साथ एक विशेष राउंड टेबल बैठक में भाग लिया, जिसमें छत्तीसगढ़ में इवेंट उद्योग के विस्तार, व्यावसायिक मानकों और संभावनाओं पर संवाद हुआ।
मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ईमा (EEMA) के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री विपुल अग्रवाल, ईमा वेस्ट के उपाध्यक्ष श्री हर्षल कोठारी, छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह दुआ, टाइटल स्पॉन्सर ‘डीवी प्रोजेक्ट्स’ के उपाध्यक्ष श्री मानस अग्रवाल, वेन्यू पार्टनर ‘द वाहे’ के डायरेक्टर श्री अनिकेत तिवारी, ईमैक के मुख्य संस्थापक संरक्षक श्री योगेश अग्रवाल तथा ईमैक के अध्यक्ष श्री नवल तिवारी के साथ ही ईमा से श्री अंकुर कालरा और श्री राघव रॉय कपूर भी मंचासीन रहे।
ईमैक अध्यक्ष श्री नवल तिवारी ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन ईमैक के महासचिव श्री बंटी चंद्राकर द्वारा किया गया।
*प्रथम दिवस के मुख्य आकर्षण: तकनीकी सत्र एवं अवॉर्ड्स नाइट*
ईकॉन ’26 आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री भावार्थ वारेतवार ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन में देश भर से 300 से अधिक प्रतिनिधि और 18 से अधिक राष्ट्रीय वक्ता भाग ले रहे हैं। कॉन्क्लेव के प्रथम दिन उद्घाटन के बाद उद्योग से जुड़े मुख्य वक्तव्य (की-नोट) और 3 विशेष तकनीकी ज्ञान सत्र आयोजित किए गए।
शाम के सत्र में उद्योग में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए दो चरणों में भव्य ‘अवॉर्ड्स नाइट’ आयोजित की गई, जिसमें 24 श्रेणियों सहित ‘ईमैक सिग्नेचर अवॉर्ड्स’ प्रदान किए गए। दिन का समापन शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नेटवर्किंग संध्या के साथ हुआ।
*19 सितम्बर को मुख्यमंत्री का आगमन और 300 ड्रोन्स का शो*
कॉन्क्लेव के दूसरे दिन, शनिवार 19 सितम्बर को दिनभर पैनल परिचर्चाएं, केस स्टडीज और 300 ड्रोन्स का भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। ईकॉन 2026 के समापन सत्र (वैलेडिक्टरी सेशन) में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी उपस्थित रहेंगे। इस समापन समारोह में, माननीय मुख्यमंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति में ईमा (EEMA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दीपक चौधरी अपना मुख्य वक्तव्य (कीनोट) प्रस्तुत करेंगे।


