मुनिश्री आगम सागर जी ससंघ के सानिध्य में बड़ा मंदिर में संपन्न हुआ पूजन व स्वाध्याय, भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक महापर्व 9 को सविधि होगा निर्वाण लाडू समर्पण एवं चातुर्मास कलश निष्ठापन कार्य्रकम
श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड, रायपुर में ‘समयोपदेश वर्षायोग 2026’ के पावन चातुर्मास के अंतर्गत आज दिनांक 5 नवम्बर 2026, गुरुवार को प्रातः काल से ही भक्ति, आराधना और धर्म देशना का अनुपम वातावरण निर्मित रहा। आज प्रातः 8 बजे उपस्थित सैकड़ों धर्मप्रेमी बंधुओं ने परम भक्तिभाव से मूलनायक भगवान श्री आदिनाथ भगवान जिन के समक्ष श्रीजी का पावन अभिषेक किया। अभिषेक के उपरांत विश्व शांति एवं जन-कल्याण की भावना से शांतिधारा की गई। आज की शांतिधारा करने का परम सौभाग्य धीरज गोधा जैन रतलाम वालो को प्राप्त हुआ। इसके पश्चात मुनि श्री आगम सागर जी महाराज एवं मुनि श्री पुनीत सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में आचार्यों एवं जिनदेव की संगीतमय पूजन की क्रियाएं विधि-विधान से संपन्न हुईं।
धार्मिक कक्षाओं एवं स्वाध्याय की श्रृंखला में मुनि श्री आगम सागर जी महाराज ने श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध जैन ग्रंथ ‘छह ढाला’ का गहन अध्ययन करवाया एवं अपनी ओजस्वी मंगल देशना से समाज को धर्म पथ पर चलने की प्रेरणा दी। वहीं, मुनि श्री पुनीत सागर जी महाराज ने ‘तत्त्वार्थ सूत्र’ की कक्षाओं के माध्यम से जैन दर्शन के गूढ़ सिद्धांतों का सरल भाषा में मर्म समझाया।
समयोपदेश वर्षायोग 2026 के अध्यक्ष श्री संजय नायक जैन एवं सचिव श्री राजेश रज्जन जैन ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर की पावन धरा और बड़ा मंदिर जी को पूरे 18 वर्षों के लंबे अंतराल के पश्चात मुनि श्री ससंघ का यह पावन चातुर्मास प्राप्त हुआ है। इस चातुर्मास काल के दौरान मुनिश्री ससंघ के सानिध्य में अनेक भव्य, प्रभावनायुक्त और ऐतिहासिक आयोजन निरंतर सफलता पूर्वक संपन्न हुए हैं, जिससे समूचा रायपुर जैन समाज धर्ममय हो उठा है। आज प्रातः 9:30 बजे तीर्थंकरों द्वारा बताई गई नवधा भक्ति पड़गाहन, उच्चासन, पाद प्रक्षालन, पूजन, प्रणाम एवं निर्दोष आहारदान के साथ मुनि श्री ससंघ को पावन आहार चर्या कराने का सौभाग्य श्रीमती सुनीला जैन एवं गणेशराम नगर ग्रुप,श्रीमती पुष्पा देवी जैन एवं श्री बंशी लाल जी जैन ,श्रीमती सरिता जैन, श्रीमती सपना जैन एवं श्रीमती रेखा जैन,श्री जीवन लाल जी जैन,श्रीमती चंद्रकली जैन,श्रीमती रोहिता जैन, श्री पुष्पेंद्र जैन, अपराजिता जैन एवं ईशान जैन (टैगोर नगर, निज निवास) को प्राप्त हुआ।
आगामी महा-आयोजन: 9 नवम्बर 2026 को निर्वाण लाडू समर्पण एवं मंगल कलश निष्ठापन
समयोपदेश वर्षायोग समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज रायपुर द्वारा आगामी 9 नवम्बर 2026, सोमवार को आयोजित होने वाले महा-महोत्सव के संबंध में विशेष रूप से विस्तृत रूपरेखा जारी की गई है। 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के पावन मोक्ष कल्याणक महापर्व के मंगल अवसर पर बड़ा मंदिर मालवीय रोड में एक विशाल धार्मिक समारोह आयोजित किया जा रहा है। जिसमें 9 नवम्बर को प्रातः 7:00 बजे से श्रीजी का भव्य अभिषेक एवं शांतिधारा: प्रातः काल जिनेन्द्र देव का मंत्रोच्चारण के साथ अभिषेक एवं संपूर्ण विश्व में सुख शांति समृद्धि,सर्वजन हिताय शांतिधारा। भगवान महावीर स्वामी पूजन मोक्ष कल्याणक के अवसर पर विशेष अष्टद्रव्य पूजन एवं संगीतमय अर्घ्य समर्पण। 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष गमन के अवसर पर निर्वाण लाडू समर्पित किया जाएगा। साथ ही ‘समयोपदेश वर्षायोग 2026’ के पावन कलशों का सविधि निष्ठापन एवं कलश धारकों द्वारा सपरिवार कलश प्राप्ति के आमंत्रित किया है। कार्यक्रम के दौरान फूलमाला, आरती एवं विविध मांगलिक क्रियाओं की बोलियां मुनि 108 श्री आगम सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में संपन्न कराई जाएंगी। वर्षायोग समिति एवं मंदिर प्रबंधकारिणी ने रायपुर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे 9 नवम्बर को प्रातः 7 बजे समय पर उपस्थित होकर इस महान धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बनें और पुण्य लाभ अर्जित करें।
भवदीय / प्रेषक:
प्रणीत जैन
मीडिया प्रभारी
सकल दिगम्बर जैन समाज एवं समयोपदेश वर्षायोग समिति 2026
श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड, रायपुर (छत्तीसगढ़)
