रायपुर, 30 जनवरी 2026:
आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर, उनके शांति और अहिंसा के संदेश को याद करते हुए, ‘आम आदमी पार्टी’ ने रायपुर पश्चिम विधानसभा की बदहाल कानून व्यवस्था के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रायपुर पश्चिम में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और अवैध नशे के कारोबार के विरोध में आज ‘आम आदमी पार्टी’ द्वारा आजाद चौक थाने का उग्र घेराव किया गया।
कल समता कॉलोनी में हुई चाकूबाजी ने दहलाया शहर
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मिथलेश साहू ने कहा कि “कल समता कॉलोनी जैसे प्रतिष्ठित इलाके में सरेआम हुई चाकूबाजी की घटना ने पुलिस प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है। आज गांधी जी की पुण्यतिथि है, जिन्होंने अहिंसा का मार्ग दिखाया, लेकिन भाजपा सरकार के राज में रायपुर की सड़कों पर हिंसा और खून बह रहा है। अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है।”
अवैध नशे का केंद्र बना डगनीया और टाटीबंध
घेराव के दौरान लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान और जिला अध्यक्ष नवनीत नंदे ने संयुक्त रूप से भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि “डगनीया और टाटीबंध क्षेत्र अवैध नशे के गढ़ बन चुके हैं। भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक की चुप्पी यह दर्शाती है कि कहीं न कहीं अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। युवा नशे की गर्त में जा रहे हैं और सरकार सुशासन का झूठा ढिंढोरा पीट रही है।”
प्रमुख मांगें:
समता कॉलोनी चाकूबाजी के आरोपियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाकर कड़ी सजा दी जाए।
रायपुर पश्चिम के डगनीया, रामनगर टाटीबंधऔर अन्य जगहों पर चल रहे नशे के अड्डों को 24 घंटे के भीतर ध्वस्त किया जाए।
स्थानीय विधायक अपनी नाकामी स्वीकार करें और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
घेराव में मुख्य रूप से उपस्थित:
नेतृत्वकर्ता मिथलेश साहू, लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान, जिला अध्यक्ष नवनीत नंदे, परमानंद जांगड़े, मिहिर कुर्मी, कलावती मार्को, अनुशा जोसेफ, स्वाति तिवारी, अबेदा खान, अनुराधा शुक्ला, श्याम शर्मा, नरेंद्र ठाकुर, विकासदास मानिकपुरी, बलवंत सिंह, शुभम तिवारी, विजय देवांगन, प्रशांत कुशवाहा, मास्टर
सहित रायपुर पश्चिम के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं आम जन उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने “विधायक होश में आओ” और “नशा मुक्त रायपुर” के नारे लगाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन क्षेत्रों में पुलिस गश्त नहीं बढ़ी और नशे पर लगाम नहीं लगी, तो पार्टी आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करेगी जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।


