सुरक्षित एवं सुचारु यातायात के लिए बीएसपी नगर सेवा विभाग और यातायात पुलिस की साझा पहल
सड़क सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी और निरंतर कार्रवाई की योजना
रायपुर।
भिलाई इस्पात संयंत्र के बोरिया गेट से जे.पी. सीमेंट चौक, सेक्टर-4 तक स्थित फॉरेस्ट एवेन्यू रोड पर 5 अक्टूबर 2026 को फल ठेला विक्रेताओं एवं ट्रक चालकों द्वारा किए जा रहे अनाधिकृत अतिक्रमण के विरुद्ध एक संयुक्त अभियान चलाया गया। भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवा विभाग के अंतर्गत संचालित प्रवर्तन अनुभाग तथा भिलाई यातायात पुलिस के समन्वित प्रयास से सायं 5:00 बजे से 6:30 बजे तक चले इस डेढ़ घंटे के अभियान के दौरान क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क और उसके किनारे के क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कराना था, ताकि वाहनों का आवागमन सुरक्षित एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सके। अभियान के दौरान फल ठेला विक्रेताओं और ट्रक चालकों को सख्त हिदायत व समझाइश दी गई कि वे सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से दुकानें न लगाएं और न ही वाहन खड़े करें। टीम ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की गतिविधियों से यातायात बाधित होता है और आम राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
अभियान के दौरान यह बात भी सामने आई कि सामान्य पाली समाप्त होने के बाद कार्यालय एवं संयंत्र क्षेत्र से निकलने वाले कुछ बीएसपी कर्मचारी सड़क किनारे अपने वाहन खड़े कर रहे थे। टीम द्वारा ऐसे कर्मचारियों को यातायात व्यवस्था में बाधा न डालने और सड़क पर वाहन न खड़े करने की समझाइश दी गई। साथ ही, नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों के क्रमांक अभिलेख में दर्ज किए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा सके।संयुक्त टीम ने सभी संबंधित पक्षों को सड़क सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और क्षेत्र को व्यवस्थित बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फॉरेस्ट एवेन्यू रोड पर अतिक्रमण की पुनरावृत्ति को रोकने और अवरोध-मुक्त यातायात बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी रखी जाएगी तथा समय-समय पर ऐसे अतिक्रमण विरोधी अनुवर्ती अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
