00 25 से 26 अक्टूबर तक चलेगा मंथन
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मथुरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक होगी। 25 और 26 अक्टूबर को होने वाली ये बैठक परखम गांव में होनी है। हर साल ये बैठक इन्हीं दिनों में दीपावली से पहले होती है। इस बैठक में संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह सरकार्यवाह और अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुखों सहित कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहेंगे।
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के मुताबिक, बैठक में देश के समसामयिक मुद्दों पर चर्चा होगी। विजयादशमी पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के विचारों और संबोधन के महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी। मार्च 2024 में हुई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में निर्धारित वार्षिक योजना की समीक्षा और संघ कार्य के विस्तार की जानकारी ली जाएगी। मोहन भागवत ने अपने संबोधन में लोगों को बताया कि जिंदगी कैसे जिएं। उन्होंने कहा, हमको अच्छा बनना है। देश को अच्छा बनाना है। हमको जागना है और देश को जगाना है। यह हमारे सामने काम है, उसी के लिए पढ़ाई है और उसी के लिए जीवन है। जीवन में जीत हार लगी रहती है।
साल 2025 में आरएसएस की स्थापना के सौ साल पूरे हो जाएंगे। परखम गांव में होने वाली इस बैठक में इस संबंध में तय किए गए संगठनात्मक लक्ष्यों को विजयादशमी 2025 तक पूरा करने पर भी विचार- विमर्श होगा। इस बैठक से पहले मंगलवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत नागपुर में ‘स्वतंत्रता का स्वराभिषेक’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
