रायपुर। श्री रामनाथ भीमसेन सभा भवन, समता कॉलोनी, रायपुर में डाक टिकट, नोट एवं सिक्कों की तीन दिवसीय भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में देश-विदेश के दुर्लभ सिक्के, पुराने नोट एवं ऐतिहासिक डाक टिकटों का आकर्षक संग्रह देखने को मिला। प्रदर्शनी ने इतिहास, कला एवं संग्रहण में रुचि रखने वाले लोगों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
प्रदर्शनी स्थल पर पंजाब नेशनल बैंक द्वारा 10 एवं 20 रुपये के नए नोट तथा सिक्के बदलने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए लगभग दो हजार लोग पहुंचे, जिन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये के नए नोट उपलब्ध कराए गए।

तीन दिवसीय इस आयोजन को लोगों का भरपूर प्रतिसाद मिला। उपस्थित लोगों ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे ज्ञानवर्धक, रोचक एवं संग्रहण की संस्कृति को प्रोत्साहित करने वाला आयोजन बताया।
