-बेपटरी यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस से कोरोमंडल ट्रेन टकराई, फिर मालगाड़ी से भिड़ी; 900 घायल
भुवनेश्वर। ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम ट्रेन हादसे में 233 लोगों की मौत हुई, जबकि 900 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। हादसा बालासोर के बहानगा बाजार स्टेशन के पास शाम करीब 7 बजे हुआ। कोलकाता से चेन्नई जा रही कोरोमंडल एक्सप्रेस और यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस बहानगा के पास डिरेल हो गईं। इसके बाद कोरोमंडल ट्रेल एक मालगाड़ी से टकरा गई।रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।हादसे के बाद 6 ट्रेनें कैंसल कर दी गई हैं। जबकि कुछ ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक रेलवे अधिकारी ने बताया कि पहले यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस डिरेल हुई। इसके कुछ डिब्बे दूसरी पटरी पर पलटे और दूसरी तरफ से आ रही शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस से टकराए। इसके बाद कोरोमंडल ट्रेन की भी कुछ बाोगियां पटरी से उतर गईं। ये बोगियां दूसरे ट्रैक पर मालगाड़ी से भिड़ गईं। कुछ बोगियां मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गईं।
हेल्पलाइन नंबर…
इमरजेंसी कंट्रोल रूम-6782262286
हावड़ा-033-26382217
खडग़पुर-8972073925, 9332392339
बालासोर-8249591559, 7978418322
कोलकाता शालीमार-9903370746
दोनों ट्रेनों के बहानगा स्टेशन पहुंचने में 3 घंटे का फर्क था, पर एक साथ आ गईं
ट्रेन नंबर 12864 बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस 1 जून को सुबह 7:30 बजे बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन से चली थी। इसे 2 जून को शाम करीब 8 बजे हावड़ा पहुंचना था। यह अपने समय से 3.30 घंटे की देरी से 6,30 बजे भद्रक पहुंची। अगला स्टेशन बालासोर था, जहां ट्रेन 4 घंटे की देरी से 7:52 पर पहुंचने वाली थी।वहीं, ट्रेन नंबर 12841 शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस 2 जून को ही दोपहर 3:20 बजे हावड़ा से रवाना हुई थी। ये 3 जून को शाम 4:50 बजे चेन्नई सेंट्रल पहुंचती। यह अपने सही समय पर 6.37 बजे बालासोर पहुंची। अगला स्टेशन भद्रक था जहां ट्रेन को 7:40 बजे पहुंचना था। लेकिन, 7 बजे करीब दोनों ट्रेन बहानगा बाजार स्टेशन के पास से आमने-सामने से गुजरीं, तभी हादसा हुआ।
प्रमुख अपडेट-
शनिवार सुबह केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटनास्थल का दौरा किया। वह हादसे वाली जगह पहुंचे। रेल मंत्रालय ने सुबह ही घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हादसे पर दुख जताया। कहा- मैंने अभी रेल दुर्घटना की स्थिति की समीक्षा की। कल सुबह घटनास्थल का दौरा करूंगा।
ओडिशा सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
ट्रेन दुर्घटना के बाद शनिवार को होने वाला गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का इनॉगरेशन समारोह रद्द कर दिया गया है।
भुवनेश्वर में अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर 115 एम्बुलेंस, 50 बसें और 45 मोबाइल हेल्थ यूनिट्स तैनात हैं। इसके अलावा 1200 बचाव कर्मी भी मौजूद हैं।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट करके बताया कि भुवनेश्वर और कोलकाता से रेस्क्यू टीमें भेज दी गई हैं। राज्य सरकारों की टीम और एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर्स रेस्क्यू के लिए पहुंच गए हैं। 2000 से ज्यादा लोग रात भर से बालासोर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बाहर खड़े हैं, ताकि घायलों को मदद पहुंचा सकें। कई लोगों ने खून भी डोनेट किया।
प्रधानमंत्री-रेलमंत्री ने मुआवजे का ऐलान किया
पीएम मोदी ने हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हादसे में मरने वाले लोगों के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया।केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए 2 लाख रुपए और मामूली चोट लगने वाले लोगों के लिए 50,000 रुपए देने की घोषणा की है।
