रायपुर। ईडी के खिलाफ कांग्रेसियों का गुस्सा अब उबाल पर है। राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद एक प्रकार से उन्होने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को अचानक निगम सभापति प्रमोद दुबे और महापौर एजाज ढेबर के नेतृत्व में सैंकड़ों कांग्रेसी ईडी दफ्तर के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे बकायदा ढोल धमाल डीजे लेकर पहुंचे थे। वे अधिवेशन से पहले कांग्रेस नेताओंं के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई का विरोध जता रहे थे।
प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसियों का कहना है कि हमारे नेताओं को टारगेट किया जा रहा है। उन्हें जबरदस्ती परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन अडानी के विरुद्ध ईडी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रदर्शन में कई महिला कार्यकर्ताएं भी पहुंची थीं। महिलाओं ने ईडी करवाई के विरोध में गेट के बाहर अपनी चूडिय़ां लहराकर विरोध जताया है। इन महिलाओं ने कहा कि कि ईडी के अफसरों को चूड़ी पहन लेनी चाहिएं। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओ ने जमकर नारेबाजी की। डीजे लेकर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने में देशभक्ति गाने बजाए। श्री दुबे व ढेबर ने सवाल उठाया कि आखिर डा. रमन सिंह के खिलाफ ईडी कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। जबकि उनके संपत्ति में दस गुना इजाफा हो चुका है।
