अहमदाबाद। गुजरात में भाजपा 157 सीटों के साथ जीत का नया रिकॉर्ड बना दिया है। पार्टी 182 में से 151 सीटें जीत चुकी है और 6 पर आगे चल रही है। इसके साथ ही भाजपा ने 1985 में कांग्रेस की 149 सीटें जीतने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ऐतिहासिक जीत के बाद 12 दिसंबर को गांधीनगर में विधानसभा के पीछे हेलीपैड मैदान में CM की शपथ होगी।
कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 विधानसभा सीटें जीती थीं। वहीं, मोदी के CM रहते भाजपा ने 2002 के चुनाव में 127 सीटें जीती थीं। इस बार की जीत के साथ भाजपा ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिलचस्प बात यह है चुनाव प्रचार के दौरान PM मोदी ने कहा था- नरेंद्र का रिकॉर्ड भूपेंद्र तोड़ेंगे। नतीजों में यही नजर आ रहा है। गुजरात भाजपा प्रमुख CR पाटिल ने बताया कि 12 दिसंबर को दोपहर 2 बजे गुजरात के नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।
