रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक कांति कार्तिक यादव एवं राजपत्रित अधिकारी सृष्टि महोबिया अपने गृह निवास में आयोजित होने वाले भव्य श्रीमद्भागवत कथा का प्रथम निमंत्रण देने विशेष रूप से ‘गूगल बॉय’ रुद्र शर्मा के निवास स्थान पहुंचे।
निवास पहुंचने पर कांति कार्तिक यादव ने आत्मीयता एवं छत्तीसगढ़ी परंपरा का निर्वहन करते हुए कहा, “हम अपने श्रीमद्भागवत का सबसे पहला निमंत्रण कार्ड अपने भांजे रुद्र को देने आए हैं। छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर भांजे को निमंत्रण देने का अर्थ साक्षात प्रभु श्री राम को निमंत्रण देना है, क्योंकि हमारी संस्कृति में भांजों को पूजनीय मानकर उनमें प्रभु श्री राम का स्वरूप देखा जाता है।”
इस अवसर पर गूगल बॉय रुद्र शर्मा ने अत्यंत आदर एवं उत्साह के साथ अतिथियों का स्वागत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार पौधों – आम, जामुन, मुनगा और जाम (अमरूद) के वृक्ष भेंट कर किया। इसके साथ ही, रुद्र ने स्मृति स्वरूप एक अत्यंत सुंदर दुधारू गाय की मूर्ति भी उन्हें भेंट की।
निमंत्रण के पश्चात, गूगल बॉय रुद्र शर्मा अतिथियों को दुर्ग शहर की प्रसिद्ध एवं आस्था का केंद्र ‘माता चंडी मंदिर’ दर्शन कराने ले गए। माता चंडी के दिव्य दर्शन कर कांति कार्तिक यादव एवं सृष्टि महोबिया भावविभोर और मंत्रमुग्ध हो गए।
मंदिर के भक्तिमय वातावरण और अपने भांजे रुद्र के विशेष आग्रह पर, गायक कांति कार्तिक यादव ने अपनी मधुर आवाज में अपना प्रसिद्ध भक्ति गीत *”नजर नजर में झूलदई”* प्रस्तुत किया। उनकी इस भावपूर्ण प्रस्तुति से पूरा मंदिर परिसर माता के जयकारों और भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। वहां उपस्थित सभी भक्तगण भी इस अप्रत्याशित भक्ति संगीत से अत्यंत प्रसन्न एवं आनंदित नजर आए।
इस पूरे दौरान गायक कांति कार्तिक यादव का अपने भांजे रुद्र के प्रति अगाध स्नेह, वात्सल्य और छत्तीसगढ़ी संस्कारों की सुंदर झलक देखने को मिली।


