रायपुर।
मुंगेली जिला के लोरमी से जनता कांग्रेस के विधायक धर्मजीत सिंह रविवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। उनके अलावा रिटायर्ड IFS SSD बड़गैया और धर्मेंद्र गिरी गोस्वामी ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। इन्हें प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा में शामिल होने के बाद धर्मजीत सिंह ने कहा-कांग्रेस को हराना है, कमल खिलाना है। सिंह ने कहा-मैंने 2016 में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद अजीत जोगी के साथ मिलकर हमने नई पार्टी बनाई। जिसमें हमारे पांच विधायक जीते थे और 11% वोट मिला था, लेकिन जोगी जी के निधन के बाद परिस्थितिया कुछ बदली।
मुझे एक राष्ट्रीय पार्टी, जिसमें नरेंद्र मोदी जी जैसे नेता हैं, भारतीय जनता पार्टी जो देश के लिए समर्पित हैं। गरीबों की सेवा कर रहे हैं, दुश्मनों का मुंह तोड़ जवाब दे रहे हैं, ऐसे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी में मैं आज शामिल हुआ हूं।
वहीं उनसे जब पूछा गया कि क्या लगता है इस बार राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी, तब उन्होंने जवाब दिया। प्रदेश में शराब बंदी हुई क्या, प्रदेश में कानून व्यवस्था है क्या, सड़कों की हालत खराब है।
पहले से भाजपा में जाने की चर्चा थी
कई दिनों से इस बात की चर्चा थी कि धर्मजीत सिंह भाजपा का रुख अपना सकते हैं। विधानसभा में भी वह अक्सर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों के साथ ही नजर आते थे और उन्हें की तरह सरकार पर हमला बोलते थे। आखिरकार रविवार को उन्होंने भाजपा जॉइन कर ली है।
