• *चौड़ीकरण के बिना डामर बिछाना जनता की आंखों में धूल झोंकने के समान; जनता के पैसों की बर्बादी बंद करे प्रशासन*
• *मूल समस्या भीषण जाम और संकरापन; पहले सड़क चौड़ी कर मजबूत व टिकाऊ मार्ग बनाए पीडब्ल्यूडी*
रायपुर। वामनराव लाखे वार्ड (क्र. 66) के अंतर्गत कुशालपुर क्षेत्र एवं प्रोफेसर कॉलोनी मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा ₹296.85 लाख की लागत से कराए जा रहे डामरीकरण कार्य को लेकर अधिवक्ता एवं छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के पूर्व सदस्य मनोज सिंह ठाकुर ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने इसे “महज राजनीतिक दिखावा और जनता के गाढ़े पसीने की कमाई का खुला दुरुपयोग” करार दिया है।
मनोज सिंह ठाकुर ने जारी बयान में कहा कि आज संतोषी चौक पर नेताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा जिस कार्य का भूमिपूजन किया गया है, उसमें क्षेत्र की सबसे बड़ी और ज्वलंत मांग— *सड़क चौड़ीकरण* —को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है।
*जमीनी हकीकत और मार्गों का हाल:*
उन्होंने वास्तविक स्थिति बताते हुए कहा कि कुशालपुर से प्रोफेसर कॉलोनी मार्ग के साथ ही, *गोपिया पारा से रिंग रोड (कुशालपुर होते हुए)* पहुंचने वाला मार्ग भी अत्यधिक संकरा हो चुका है। *रिंग रोड चौक से तिरंगा चौक, संतोषी चौक और माँ दंतेश्वरी मंदिर होते हुए गोपिया चौक* तक पहुंचने में आए दिन भारी जाम लगता है और जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। संकरा रास्ता होने के कारण यहां हमेशा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। दिन-रात हजारों वाहनों के दबाव वाले इन मार्गों पर स्थानीय नागरिक, स्कूली बच्चे और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं अक्सर घंटों फंसी रहती हैं।
*प्रमुख सवाल एवं मांगें:*
*1. चौड़ीकरण क्यों नहीं?:* लगभग ₹3 करोड़ (296.85 लाख) की सरकारी राशि खर्च करने के बाद भी यदि सड़क की चौड़ाई वही रही, तो कुछ ही महीनों में भारी ट्रैफिक से डामर उखड़ जाएगा और स्थिति फिर जस की तस हो जाएगी।
*2. टिकाऊ सड़क की उपेक्षा:* क्षेत्र की वास्तविक जरूरत दोनों तरफ से बॉटलनेक हटाकर, नालियों व किनारों को व्यवस्थित करते हुए सड़क का विधिवत चौड़ीकरण करने के बाद एक शानदार व टिकाऊ मार्ग निर्माण की है। केवल ऊपर से डामर पोत देना समस्या पर पर्दा डालना है।
*3. बार-बार बजट खपाने का खेल:* बिना चौड़ीकरण के डामरीकरण करना यह साफ दर्शाता है कि बार-बार टेंडर निकालकर केवल बजट खपाने और मेंटेनेंस के नाम पर पैसे बहाने की मंशा से काम किया जा रहा है।
मनोज सिंह ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग और शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस कार्ययोजना की तुरंत समीक्षा की जाए और इसमें प्राथमिकता के साथ सड़क चौड़ीकरण को शामिल किया जाए। उन्होंने दो-टूक चेतावनी दी कि यदि जनहित की इस बुनियादी मांग को अनदेखा कर केवल खानापूर्ति की गई, तो क्षेत्रवासियों को एकजुट कर उग्र जन-आंदोलन किया जाएगा।
*जारीकर्ता:*
*मनोज सिंह ठाकुर*
अधिवक्ता
पूर्व सदस्य, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल
मो. नं.: 9425203728
रायपुर (छ.ग.)
