_अतिथि के रूप में तीन विधायकों व महापौर का मिलेगा मार्गदर्शन_
_एक्सपो में बुकिंग करने पर रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 फीसदी की छूट_
रायपुर। रियल एस्टेट सेक्टर में छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि मध्य भारत का सबसे बड़ा प्रॉपर्टी एक्सपो ‘क्रेडाई छत्तीसगढ़’ के बैनर तले शुक्रवार, 18 सितंबर से शुरू हो रहा है, जो 20 सितंबर तक चलेगा। राजधानी के केंद्र में बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में शाम छह बजे इसका भव्य शुभारंभ होगा। इस कार्यक्रम में शहर के विकास को करीब से देखने वाले और रायपुर को विकसित करने में प्रमुख योगदान देने वाले विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।
पूर्व मंत्री व विधायक श्री राजेश मूणत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विधायक श्री सुनील सोनी, विधायक श्री मोतीलाल साहू और रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। क्रेडाई ने इस बार एक्सपो के तीन दिनों के दौरान बुकिंग करने पर रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 फीसदी की भारी छूट देने की सौगात दी है। ग्राहकों के लिए अपनी जरूरत की प्रॉपर्टी खरीदने का यह एक सुनहरा अवसर है। स्टेडियम में सभी स्टॉल धारकों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और अब बस कल शाम रिबन कटने (शुभारंभ) का इंतजार है। ‘संभव स्टील पाइप्स’ और ‘एसआरव्ही सोलर’ इस एक्सपो के विशेष सहयोगी हैं।
हर दृष्टिकोण से यह प्रॉपर्टी एक्सपो कई खूबियों वाला है। आज की आधुनिक लाइफस्टाइल के अनुरूप लोग कैसी प्रॉपर्टी चाहते हैं, इसे युवाओं से बेहतर भला कौन समझ सकता है? यही वजह है कि क्रेडाई के इस भव्य आयोजन की कमान युवा बिल्डरों के हाथों में सौंपी गई है। इन्हीं युवा बिल्डरों ने प्रॉपर्टी बायर्स के आर्थिक लाभ को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फैसला लिया है कि एक्सपो में बुकिंग पर रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 प्रतिशत की छूट दी जाए, जिससे ग्राहकों को अपने बजट में लाखों रुपये की सीधी बचत होगी।
क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पंकज लाहोटी, चेयरमैन मृणाल गोलछा, सचिव अभिषेक बच्छावत, आईपीपी संजय रहेजा, कोषाध्यक्ष आयुष मोदी, प्रोग्राम चेयरमैन अशोक मूंदड़ा और प्रतीक केवलानी ने बताया कि क्रेडाई छत्तीसगढ़ से जुड़े 50 बिल्डर्स, 250 से भी अधिक प्रोजेक्ट्स लेकर इस एक्सपो में शामिल हो रहे हैं। बेस्ट प्रोजेक्ट, बेहतरीन लोकेशन, अफोर्डेबल बजट और आसान फाइनेंस जैसी सुविधाओं को इस तरह से संयोजित किया गया है कि जो भी व्यक्ति अपने घर का सपना लेकर एक्सपो में आए, उसका वह सपना जरूर पूरा हो; यही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। राज्य सरकार की नीतियों से भी छत्तीसगढ़ में प्रॉपर्टी खरीदने वालों को काफी रियायत मिल रही है। एक्सपो में विभिन्न बैंकों के स्टॉल भी मौजूद रहेंगे, जो ग्राहकों को आसान प्रक्रियाओं के साथ फाइनेंस की सुविधा प्रदान करेंगे। चूंकि सभी प्रतिभागी बिल्डर्स क्रेडाई के प्रमाणित सदस्य हैं, इसलिए ग्राहकों को लोन लेने में भी पूरी सहूलियत मिलेगी।
हर साल की तरह इस बार भी कई नए प्रोजेक्ट्स शामिल किए गए हैं, जिनका सीधा लाभ ग्राहकों को मिलेगा। इसके अलावा कई पुराने प्रोजेक्ट्स का विस्तार भी हुआ है। यदि आप रायपुर या अटल नगर – नवा रायपुर सहित राज्य के किसी भी क्षेत्र में प्रॉपर्टी लेना चाहते हैं, तो यह एक्सपो आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित होगा। फ्लैट, बंगला, मकान, विला, प्लॉट या कमर्शियल स्पेस खरीदने के लिए 250 से अधिक प्रोजेक्ट्स के विकल्प आपके सामने मौजूद होंगे।
प्रॉपर्टी खरीदते समय हर खरीदार की सबसे बड़ी चिंता अपनी जमा-पूंजी की सुरक्षा और कानूनी व कागजी कार्रवाई होती है। क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यहाँ ग्राहकों को शत-प्रतिशत कानूनी सुरक्षा की गारंटी मिलती है। चूंकि इस एक्सपो में शामिल सभी बिल्डर्स और प्रोजेक्ट्स क्रेडाई तथा ‘रेरा’ के कड़े नियमों और मापदंडों के अंतर्गत आते हैं, इसलिए भविष्य में किसी भी तरह की वैधानिक अड़चन, विवाद या धोखाधड़ी की संभावना पूरी तरह खत्म हो जाती है। पारदर्शिता को और अधिक बढ़ाने तथा ग्राहकों को सशक्त करने के लिए एक्सपो में विशेष रूप से ‘रेरा’ का एक स्टॉल (हेल्पडेस्क) भी लगाया जा रहा है। यदि किसी भी ग्राहक के मन में प्रॉपर्टी के दस्तावेजों, पज़ेशन या नियमों को लेकर कोई शंका है, तो वे सीधे इस स्टॉल पर जाकर विशेषज्ञों से उचित मार्गदर्शन ले सकते हैं। इस तरह ग्राहक पूरी तरह से संतुष्ट और निश्चिंत होकर अपने सपनों का घर खरीद सकते हैं।
क्रेडाई छत्तीसगढ़ ग्राहकों को सर्वोत्तम विकल्प प्रदान करने के उद्देश्य से 18 से 20 सितंबर तक इस एक्सपो का आयोजन कर रहा है। अब बस कुछ ही घंटों का इंतजार है, जिसके बाद आप इस गणेशोत्सव पर अपने नए आशियाने की खुशियां मना सकेंगे। यहाँ आकर आप अपने सपनों के घर की बुकिंग कर सकते हैं या सीधे अपने घर की चाबी ले सकते हैं।


