*जगदलपुर, 13 अक्टूबर 2026/* ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को स्वावलंबन तथा स्वरोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक द्वारा आड़ावाल में संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में बेसिक ऑफ होम मेड अगरबत्ती निर्माण का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 04 अक्टूबर से शुरू हुए इस विशेष प्रशिक्षण सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को अगरबत्ती निर्माण से जुड़े हर तकनीकी और व्यावहारिक पहलू में दक्ष बनाया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली अगरबत्ती तैयार करने, विभिन्न प्रकार के मनमोहक सुगंधित मिश्रण (परफ्यूम ब्लेंडिंग) बनाने, आकर्षक पैकेजिंग और तैयार उत्पाद के सफल विपणन (मार्केटिंग) की समग्र जानकारी दी जा रही है। संस्थान द्वारा प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रशिक्षण काल में भोजन, आवासीय व्यवस्था तथा आवश्यक शिक्षण सामग्री पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे दूर-दराज के प्रतिभागी बिना किसी आर्थिक चिंता के अपना कौशल निखार सकें। पाठ्यक्रम के सफल समापन पर सभी अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, साथ ही अपना स्वतंत्र व्यवसाय शुरू करने या उसका विस्तार करने के लिए बैंक ऋण सहायता हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा स्थानीय युवाओं और महिलाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया गया है।
