*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रमुख नेताओं ने प्रज्जवलित किए दीप, लाखों दीयों से जगमगाया प्रदेश*
*रायपुर।* प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में सुशासन, गरीब कल्याण व जनसेवा संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत गुरुवार को प्रधानमंत्री श्री मोदी के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्जवलित करने के साथ हुई। छत्तीसगढ़ में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर, बिलासपुर और बालोद तक लाखों दीयों की रोशनी से पूरा प्रदेश जगमगा उठा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव व विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, एवं भाजपा कार्यकर्ता व आमजनों ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर दीप प्रज्जवलित किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर में आयोजित दो प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने खारून नदी स्थित ऐतिहासिक महादेव घाट और तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) में दीप प्रज्जवलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सहभागिता की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने देश की राजधानी नई दिल्ली में दीप प्रज्जवलित कर इस अभियान को आगे बढ़ाया। उप मुख्यमंत्री अररुण साव ने बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित भव्य दीपोत्सव में शामिल हुए। यहाँ श्री साव की उपस्थिति में सवा लाख (1,25,000) दीये जलाए गए। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर के जगदलपुर के कार्यक्रम में शिरकत की। बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में ऐतिहासिक माँ दन्तेश्वरी मंदिर के समक्ष हुए भव्य आयोजन में 1,25,000 दीये जलाकर दीपोत्सव मनाया गया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन बालोद जिले के सरयू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां भी सवा लाख दीप जलाकर पूरा परिसर रोशन किया गया। प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी रायपुर के तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) में आयोजित दीपदान कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज के नेतृत्व में कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में 11,000 दीये जलाए गए। प्रदेशभर में आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लाखों दीपों की जगमगाहट के साथ यह आयोजन भक्ति, उल्लास और सामाजिक समरसता के प्रतीक के रूप में संपन्न हुआ।

*25 वर्षों की यात्रा अन्त्योदय और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रही : मुख्यमंत्री साय*
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के दीर्घायु जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र सेवा के निरंतर संकल्प की कामना करते हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्जवलित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री पद से लेकर देश के प्रधानसेवक के रूप में प्रधानमंत्री श्री मोदी की यह 25 वर्षों की यात्रा अन्त्योदय और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रही है। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश में नीतिगत नेतृत्व, पारदर्शिता और अंतिम छोर के व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित कर सुशासन की नई परिभाषा गढ़ी है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का यह मूलमंत्र आज नए भारत की पहचान बन चुका है। श्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ें और प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के विजन को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाएँ।
*आज गाँव, गरीब, किसान और वंचित वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़े : उप मुख्यमंत्री साव*
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकतांत्रिक सत्ता के शीर्ष पर जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया। श्री साव ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का 25 वर्षों का कार्यकाल देश के समग्र बुनियादी ढाँचे के विकास और सामाजिक उत्थान का स्वर्णिम काल है। श्री साव ने कहा कि गुजरात के कायाकल्प से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक, प्रधानमंत्री जी ने यह सिद्ध किया है कि जब नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम की भावना और दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो हर चुनौती अवसर में बदल जाती है। आज गाँव, गरीब, किसान और वंचित वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं। श्री साव ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ करोड़ों देशवासियों के उस विश्वास और कृतज्ञता का प्रतीक है, जो उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में व्यक्त किया है।
*मोदी का सार्वजनिक जीवन हम सबके लिए निष्काम कर्मयोग का अद्वितीय उदाहरण : उप मुख्यमंत्री शर्मा*
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में सुशासन, सुरक्षा और अंत्योदय के 25 वर्ष पूरे होने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का सार्वजनिक जीवन हर युवा और जनप्रतिनिधि के लिए निष्काम कर्मयोग का अद्वितीय उदाहरण है। श्री शर्मा ने कहा कि 25 वर्षों का यह सफर केवल शासन व्यवस्था चलाने का नहीं, बल्कि देश के आन्तरिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने, जन-जन में राष्ट्रीय चेतना जगाने और गरीब कल्याण को यथार्थ में बदलने का रहा है। कड़े और साहसिक फैसलों के दम पर भारत ने वैश्विक पटल पर अपना सम्मान पुनर्स्थापित किया है। श्री शर्मा ने कहा कि यह दीया प्रधानमंत्री के प्रति जन-आशीर्वाद और एक सुरक्षित, सशक्त व समृद्ध भारत के निर्माण के साझा संकल्प का परिचायक है।
*आशीर्वाद का दीया करोड़ों परिवारों की ओर से धन्यवाद की अभिव्यक्ति है : भाजपा प्रदेश महामंत्री जैन*
भाजपा प्रदेश महामंत्री और सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक यशवन्त जैन ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, संकल्प और परिणामों की यात्रा है। यह सामान्य परिवार से निकले एक व्यक्ति के असाधारण पुरुषार्थ की यात्रा है। श्री जैन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रज्जवलित आशीर्वाद का दीया उन करोड़ों परिवारों की ओर से धन्यवाद की अभिव्यक्ति है, जिनके जीवन में प्रधानमंत्री श्री मोदी की योजनाओं से सकारात्मक परिवर्तन आया है। श्री मोदी का सार्वजनिक जीवन हमारे लिए प्रेरणादायी है। वे राष्ट्र निर्माण में प्रतिबद्धता और प्रामाणिकता के साथ जुटे हैं। श्री मोदी ने जनसेवा के अपने 25 वर्ष के कार्यकाल में जनकल्याण के अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
———————-


