रायपुर – रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से *अपराजिता आत्मरक्षा महिला शिविर* की शुरुआत की गई है। आज रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे द्वारा इस आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया, इस अवसर पर नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष श्री अमर गिदवानी एवं उपायुक्त संस्कृति डॉ अंजलि शर्मा की उपस्थिति रही।
यह पहल रायपुर नगर पालिक निगम के बजट में महापौर द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप महिलाओं को आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस प्रशिक्षण में रायपुर नगर पालिक निगम की टीम प्रहरी एवं स्वच्छता दीदियों को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही रायपुर नगर पालिक निगम से जुड़ी अन्य इच्छुक महिलाएं भी कला केंद्र में आयोजित इस प्रशिक्षण में शामिल होकर आत्मरक्षा के गुर सीख सकती हैं।
इस अभिनव पहल का उद्देश्य महिलाओं में केवल आत्मरक्षा की क्षमता विकसित करना ही नहीं, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास, सजगता और किसी भी विषम परिस्थिति का सामना करने का साहस पैदा करना है।
*महिलाओं से विनम्र अपील*
*अपराजिता — आत्मरक्षा से आत्मविश्वास तक*
*सीखें आत्मरक्षा • बढ़ाएं आत्मविश्वास • बनें अपराजिता*
