रायपुर। मैट्स स्कूल ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस, मैट्स यूनिवर्सिटी, रायपुर द्वारा राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। सप्ताहभर चले इस आयोजन में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों एवं सामुदायिक जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विभिन्न समुदायों के बीच पढ़ने की आदत विकसित करना, पुस्तकालय संसाधनों एवं सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ज्ञान और शिक्षा के अवसरों तक अधिक से अधिक लोगों की पहुँच सुनिश्चित करना था। इस अवसर पर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की मौलाना आज़ाद लाइब्रेरी के सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. सैयद शाज़ हुसैन द्वारा विशेषज्ञ व्याख्यान दिया गया। उन्होंने पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार साझा किए तथा इस क्षेत्र में हो रहे नवीनतम बदलावों एवं विकास की जानकारी दी। व्याख्यान में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञ के अनुभव एवं ज्ञान से लाभान्वित हुए। शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ आयोजन का प्रमुख आकर्षण ‘लाइब्रेरी ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम रहा। इसकी शुरुआत रिबन काटकर की गई। इसके पश्चात डायरेक्टर जनरल श्री प्रियेश पगारिया, कुलसचिव श्री गोकुलानंद पंडा एवं विभागाध्यक्ष डॉ. कल्पना चंद्राकर ने हरी झंडी दिखाकर लाइब्रेरी ऑन व्हील्स को रवाना किया। इस अवसर पर लाइब्रेरी कमेटी के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत मुंडेजा तथा लाइब्रेरी साइंस विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. साहित्यांजलि चंद्र, श्री मनीष साहू एवं श्री शशिकांत कोसरे उपस्थित रहे। इस पहल के अंतर्गत पुस्तकालय संसाधनों एवं शैक्षणिक सुविधाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों एवं पुस्तकालयों का भ्रमण किया गया। आरंग कैंपस के पुस्तकालयाध्यक्षों द्वारा लाइब्रेरी ऑन व्हील्स के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों एवं गाँवों का दौरा किया गया। इस दौरान ग्रामीण समुदाय को पुस्तकालय के महत्व, शिक्षा की उपयोगिता तथा नियमित पठन-पाठन की आदत विकसित करने के प्रति जागरूक किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ज्ञान एवं पुस्तकों की पहुँच को सुलभ बनाना और पढ़ने की संस्कृति को प्रोत्साहित करना था। राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अंतिम दिन गया स्थित दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के भारतीय भाषा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सुरेश चंद्रा का विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के परिप्रेक्ष्य में बदलते शैक्षणिक पुस्तकालयों की भूमिका, उनके स्वरूप एवं भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। सप्ताहभर आयोजित विशेषज्ञ व्याख्यानों, पुस्तकालय भ्रमण एवं लाइब्रेरी ऑन व्हील्स जैसी अभिनव पहल के माध्यम से मैट्स स्कूल ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस ने विद्यार्थियों एवं समाज के बीच पुस्तकालय जागरूकता, पठन संस्कृति और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का सार्थक प्रयास किया। इस आयोजन को सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों द्वारा सराहा गया। इस अवसर पर संस्था के कुलाधिपति श्री गजराज पगारिया, डायरेक्टर जनरल श्री प्रियेश पगारिया, कुलपति प्रो. डॉ. पी. यादव, एवं कुलसचिव श्री गोकुलानंद पंडा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों को विद्यार्थियों और समाज के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
