नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। 24 सितंबर को केंद्रीय कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कुल 24 नेताओं को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

छत्तीसगढ़ के लिहाज से सबसे अहम नियुक्ति में श्री शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनके पास छत्तीसगढ़ के साथ-साथ आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गोवा का प्रभार रहेगा।

वहीं छत्तीसगढ़ के लिए श्री कर्मवीर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है, उनका केंद्र रायपुर रहेगा। कर्मवीर मूलतः मथुरा के रहने वाले हैं और झारखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में कार्य कर रहे थे।

अभी तक छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी संभाल रहे अजय जामवाल को महाराष्ट्र और पवन साई को झारखंड भेजा गया है।

कर्मवीर सिंह का संक्षिप्त परिचय
श्री कर्मवीर सिंह मूलतः उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रहने वाले हैं, वर्तमान में हाथरस जिले के स्वयंसेवक हैं। वे 1993 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक हैं और उन्होंने अपने प्रचारक जीवन की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्मस्थली से की थी।
वे तहसील प्रचारक, नगर प्रचारक, फतेहपुर सीकरी, अलीगढ़ महानगर और मथुरा जिला प्रचारक, एटा-अलीगढ़-बरेली विभाग प्रचारक रहे हैं। 2015 में मेरठ प्रांत के सह प्रांत प्रचारक और 2019 में ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक रहे।
2020 से वे भाजपा उत्तर प्रदेश में प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) रहे और अगस्त 2022 से झारखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में कार्य कर रहे थे।
अब पार्टी ने उन्हें छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।


