नई दिल्ली। शराब घोटाला मामले में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को 4 मार्च तक सीबीआई रिमांड में भेज दिया है। दिल्ली आबकारी घोटाले में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। सीबीआई ने कोर्ट से 5 दिनों की रिमांड मांगी थी। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कोर्ट ने सीबीआई की मांग मानते हुए मनीष सिसोदिया को 4 मार्च तक के रिमांड पर सौंप दिया। इससे पहले रविवार को 8 घंटे की मैराथन पूछताछ के बाद सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया था। आप कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में भारी विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई। पुलिस ने भारी संख्या में आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
