
**लोहण्डीगुड़ा में दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य सेवाओं और शासकीय योजनाओं का लाभ**
**जगदलपुर, 19 नवंबर 2026।** कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लोहण्डीगुड़ा में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में ‘सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन एवं सशक्तिकरण सम्मेलन’ और दिव्यांगता प्रमाण पत्र शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सिकलसेल पीड़ित मरीजों, विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग छात्र-छात्राओं तथा अन्य हितग्राहियों को स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता प्रमाणीकरण और विभिन्न शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ मिला।

शिविर में कुल 224 हितग्राहियों को विभिन्न सेवाओं से लाभान्वित किया गया। जिला स्तर से पहुंची मेडिकल बोर्ड की विशेषज्ञ टीम ने हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण और दिव्यांगता संबंधी प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान कुल 225 मरीजों की जांच हुई तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
शिविर में 74 नए यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सेरेब्रल पाल्सी के 19, अस्थि बाधित के 18, सिकलसेल के 17, अल्प दृष्टि के 9, बौद्धिक दिव्यांगता के 6, श्रवण बाधित के 4 तथा थैलेसीमिया का एक प्रकरण शामिल रहा। इसके अतिरिक्त 12 नए आधार कार्ड, 11 आभा आईडी और 6 राशन कार्ड से संबंधित मामलों का त्वरित निराकरण भी किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने ग्रामीणों को सिकलसेल एनीमिया के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच और नियमित स्वास्थ्य परामर्श के महत्व की जानकारी दी। साथ ही दिव्यांगजनों को उपलब्ध शासकीय सुविधाओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सिकलसेल रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही प्रभावित मरीजों और दिव्यांगजनों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना था।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धनेश्वर पाण्डे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम श्री राजेन्द्र कुमार बघेल, बीईटीओ श्री सकरु राम मौर्य सहित समस्त सेक्टर सुपरवाइजर और जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण और योजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं के बाद हितग्राहियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इसके बाद स्टाफ के माध्यम से उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई। इस शिविर के जरिए ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों, दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाओं और शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
यह आयोजन स्वास्थ्य जागरूकता और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिसमें सिकलसेल प्रभावित परिवारों और दिव्यांगजनों को न केवल चिकित्सकीय सहायता मिली बल्कि सरकारी योजनाओं से जुड़कर सशक्त बनने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
