रायपुर ।
विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए बस्तर दशहरा समिति के सदस्यों ने सीएम भूपेश बघेल को आमंत्रण दिया है। गुरुवार को बस्तर सांसद और दशहरा समिति के अध्यक्ष दीपक बैज, उद्योग एवं आबकारी मंत्री कवासी लखमा ,संसदीय सचिव व विधायक जगदलपुर रेखचंद जैन, मांझी, चालकी, पुजारी समेत अन्य रायपुर में मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। साथ ही 75 दिनों तक चलने वाले ऐतिहासिक बस्तर दशहरा में शामिल होने न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने भी न्योता स्वीकार किया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वे जरूर आएंगे।
बस्तर सांसद समेत दशहरा समिति के सदस्यों ने सभी रस्मों के बारे में सीएम को जानकारी भी दी है। सांसद दीपक बैज ने सीएम को बताया कि, 28 जुलाई से पाट जात्रा विधान निभा कर दशहरा की शुरुआत कर दी गई है। अब 25 सितंबर को सबसे महत्वपूर्ण काछनगादी की रस्म अदा की जाएगी। वहीं इसी माह 26 सितंबर को कलश स्थापना पूजा विधान, और जोगी बिठाई की रस्म अदा की जाएगी।
