रायपुर।
छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने फिर छापेमारी की है। रायपुर, रायगढ़ और दुर्ग-भिलाई में सट्टा कारोबार से जुडे 8 लोगों के घर छापा मारा गया है। रायपुर में तीन जगह वॉलफोर्ट सिटी, स्वर्ण भूमि और अशोका रत्न में रेड मारी गई है। अशोका रत्न में रहने वाले ज्वैलरी और पेट्रोल पंप संचालक के दो ठिकानों पर दबिश दी गई है।
कारोबारी के निवास में सीआरपीएफ के जवानों के साथ ईडी की टीम पहुंची है। भिलाई के फरीद नगर निवासी ट्रांसपोर्टर के यहां भी कार्रवाई की गई है। सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों के यहां कार्रवाई की जा रही है। दुबई से पैसों के हवाले का लिंक मिला था।
दुर्ग में जमीन खरीदी बिक्री का काम करने वाले भिलाई निवास पर ईडी ने कार्रवाई की है। यह छत्तीसगढ़ के मंत्री के करीबी माने जाते हैं। फरीदनगर स्थित निवास में चार ईडी के अधिकारी सहित सीआरपीएफ के जवान मौजूद हैं। भिलाई में ही दो जगह जांच जारी है। दुर्ग के पद्मनाभपुर में भी छापा मारा गया है।
