नई दिल्ली। शराब नीति केस में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने 8 घंटे लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया। बताया गया है कि आबकारी विभाग के एक आईएएस अफसर ने सीबीआईकी पूछताछ में सिसोदिया का नाम लिया था। अफसर ने कहा- सिसोदिया ने ऐसी शराब नीति बनवाई थी, जिससे सरकार को मुनाफा नहीं हो, व्यापारियों को मोटा फायदा हो। इसी बयान के आधार पर सिसोदिया से पूछताछ की गई थी।
सूत्रों की मानें तो अफसर ने सिसोदिया पर सबूत नष्ट करने का भी आरोप लगाया था। सीबीआई ने सिसोदिया और अफसर को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तो, उन्होंने कई सवालों के जवाब नहीं दिए। यही सिसोदिया की गिरफ्तारी की वजह बनी। सिसोदिया को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। इससे पहले उनका मेडिकल टेस्ट होगा। सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई मुख्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
