*प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की अपील : विपक्ष संकीर्ण राजनीति छोड़कर मातृशक्ति के सशक्तीकरण और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने के इस महायज्ञ में सकारात्मक भूमिका निभाए*
*रायपुर।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने संसद के विशेष सत्र को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और निराधार अटकलों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि संसद का सत्र बुलाना केंद्र सरकार का संवैधानिक अधिकार और लोकतांत्रिक दायित्व है। श्री देव ने कहा कि बिना आधिकारिक विधायी प्रस्तावों को पढ़े, केवल मीडिया रिपोर्टों और अटकलों के आधार पर सरकार की नीयत पर सवाल उठाना विपक्ष की गैर-जिम्मेदाराना मानसिकता, महिला विरोधी सोच और राज्यों के बढ़ते प्रतिनिधित्व के प्रति उनके विरोध को उजागर करता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने संसद के विशेष सत्र को मातृशक्ति के सशक्तीकरण एवं लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने का ऐतिहासिक और स्वर्णिम अवसर बताते हुए कहा कि ‘नारी शक्ति वन्दन अधिनियम’ केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि मोदी सरकार की संवैधानिक प्रतिबद्धता है। सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश की आधी आबादी को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ 2029 के आगामी लोकसभा चुनावों में ही मिल सके। श्री देव ने कहा कि परिसीमन एक व्यापक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसमें समय लगता है। इसलिए महिलाओं को समय पर उनका अधिकार दिलाने के लिए सरकार ने अप्रैल 2026 में भी संविधान संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक पेश कर सार्थक प्रयास किए थे, किंतु कांग्रेस, सपा, राजद और तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों के अड़ियल रवैए के कारण तब इसे लागू नहीं किया जा सका।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने परिसीमन को लेकर दक्षिणी या छोटे राज्यों के हितों को नुकसान पहुँचने के भ्रम को खारिज करते हुए कहा कि प्रस्तावित आनुपातिक विस्तार मॉडल के तहत सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है। इससे लोकसभा की अधिकतम सीटें 550 से बढ़कर 850 (वर्तमान 543 के अनुपात में लगभग 815) होंगी। इस प्रक्रिया से दक्षिण के पाँच राज्यों की सीटें 129 से बढ़कर 195 हो जाएंगी। इससे न तो किसी राज्य की हिस्सेदारी कम होगी और न ही जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्यों को कोई नुकसान होगा, बल्कि संघीय ढांचा और अधिक सशक्त व संतुलित बनेगा। श्री देव ने कहा कि परिसीमन से “एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य” का सिद्धांत साकार होगा और बढ़ते शहरीकरण तथा नए जिलों के अनुरूप प्रशासनिक व्यावहारिकता बढ़ेगी। इसके साथ ही, सदन के विस्तार से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में भी आनुपातिक वृद्धि होगी, जिससे वंचित वर्गों का प्रतिनिधित्व मजबूत होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि संविधान की मूल भावना के अनुरूप आरक्षण सामाजिक एवं आर्थिक पिछड़ेपन पर आधारित है, न कि धर्म के आधार पर। यही कारण है कि इण्डी गठबंधन के कई घटक और क्षेत्रीय दल भी राज्य हित में सीटों की इस आनुपातिक वृद्धि का समर्थन करते दिख रहे हैं। श्री देव ने विपक्ष से आह्वान किया कि वह संकीर्ण राजनीति छोड़कर मातृशक्ति के सशक्तीकरण और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने के इस महायज्ञ में सकारात्मक भूमिका निभाए।
————————-
