बस्तर-ब्यूरो प्रमुख समय रथ मासिक पत्रिका: अश्वनी कुमार कौशिक*📞 *मोबाइल: 9630 754908
जगदलपुर, / विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के सबसे भावुक पड़ाव, माता मावली की विदाई रस्म में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा जगदलपुर पहुंचे। बस्तर राज परिवार के आमंत्रण पर वे सोमवार को राजमहल पहुंचे और राज परिवार के सदस्य तथा माटी पुजारी श्री कमलचंद भंजदेव से मुलाकात की।

इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच बस्तर की लोक-संस्कृति, परंपराओं के संरक्षण और क्षेत्र के विकास पर विस्तार से बातचीत हुई। श्री मिश्रा का बस्तर से गहरा नाता रहा है। जब वे यहां कलेक्टर थे, तब उन्होंने मावली माता की विदाई की रस्म को और भव्य और व्यवस्थित बनाया था। श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाई गईं और इस पुरानी परंपरा को सुव्यवस्थित रूप दिया गया। आज भी लोग उस समय को याद करते हैं।
श्री मिश्रा ने कहा कि मावली माता की विदाई सिर्फ एक धार्मिक रस्म नहीं है। यह बस्तर के लोगों और देवी-देवताओं के बीच के गहरे विश्वास और रिश्ते का जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने बस्तर की आदिम आस्था, जनजातीय मूल्यों और लोक-संस्कृति की तारीफ की।
उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य नीति आयोग के जरिए बस्तर के समग्र विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और पारंपरिक धरोहरों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार ठोस नीतियां बनाई जाएंगी। इससे यहां की अनूठी पहचान बनी रहेगी।
