मिनीमाता जी का पूरा जीवन सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा- कांग्रेस
जगदलपुर।
आज संभाग मुख्यालय स्थित राजीव भवन जगदलपुर में आज बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा महान समाजसेविका, छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद एवं सामाजिक न्याय की प्रखर आवाज मिनीमाता जी की पुण्यतिथि सादगीपूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने मिनीमाता जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मिनीमाता जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित, शोषित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के साथ-साथ महिलाओं की शिक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किया।
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने कहा कि मिनीमाता जी का जीवन त्याग, सेवा और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को सदन तक पहुंचाने का काम किया। छत्तीसगढ़ के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास में मिनीमाता जी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी ने महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जिस मजबूती से संघर्ष किया, वह आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। उनके विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पूर्व विधायक जगदलपुर रेखचंद जैन ने कहा कि मिनीमाता जी केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं थीं, बल्कि वे सामाजिक परिवर्तन की सशक्त आवाज थीं। उन्होंने समाज में व्याप्त छुआछूत, भेदभाव और कुरीतियों के खिलाफ निरंतर संघर्ष किया। संसद में रहते हुए उन्होंने गरीबों, महिलाओं, श्रमिकों और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनका पूरा जीवन जनसेवा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहा।उनके संघर्षों ने सामाजिक चेतना को नई दिशा दी और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत प्रेरणास्रोत तैयार किया।
इस दौरान पूर्व सभापति कविता साहू,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,जिला उपाध्यक्ष बालेश दुबे,महामंत्री अभिषेक नायडू,सुभाष गुलाटी, नीतीश शर्मा,रविशंकर तिवारी,संजय पाणिग्रही,ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी,गणेश बघेल,धरमुराम कश्यप,सूरज कश्यप, छबिलाल,नारायण बघेल,बुधराम कश्यप,मोतीराम कश्यप, मीडिया प्रभारी शादाब अहमद,पार्षद रामकृष्ण तिवारी,उस्मान रजा सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन,युवा कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
