रायपुर,15 जुलाई 2026।आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं छाया पार्षद डॉ. विजय देवांगन के नेतृत्व में नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक-1 के जोन आयुक्त महोदय को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की बेहद संवेदनशील और जानलेवा जनसमस्याओं की ओर ध्यानाकर्षण कराया। यह ज्ञापन गुढ़ियारी के वार्ड क्रमांक 15 (नेता जी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड) एवं वार्ड क्रमांक 17 के अंतर्गत गुड मॉर्निंग किराना स्टोर के पास स्थित गंभीर मुद्दों के त्वरित निराकरण के संबंध में दिया गया।
मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए जिला उपाध्यक्ष डॉ. विजय देवांगन ने बताया कि गुड मॉर्निंग किराना स्टोर के पास बरसात के दिनों में अत्यधिक जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है। सड़क के दोनों किनारों पर बनी गहरी और खुली नालियां पानी भरने के कारण पूरी तरह से छिप जाती हैं, जिससे आए दिन राहगीर, दोपहिया वाहन चालक, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग दुर्घटनाग्रस्त होकर इन नालियों में गिर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को चेताया कि जलभराव वाले इसी मुख्य स्थान पर एक विद्युत ट्रांसफार्मर भी स्थित है। पानी में डूबे रहने के कारण क्षेत्र में करंट फैलने का एक बेहद गंभीर और भयावह खतरा लगातार बना रहता है। यदि समय रहते प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो किसी भी समय कोई बड़ी अप्रिय घटना या जनहानि हो सकती है, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम और विद्युत विभाग की होगी।
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन के समक्ष प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
गुड मॉर्निंग किराना स्टोर के पास जलभराव की समस्या का तत्काल एवं स्थायी समाधान किया जाए।
सड़क किनारे स्थित सभी गहरी और खुली नालियों को मजबूत स्लैब अथवा ढक्कन से पूरी तरह ढका जाए।
जल निकासी की समुचित एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित कर सड़क पर पानी जमा होने से रोका जाए।
पानी के बीच स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर के चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेराबंदी (फेन्सिंग) की जाए तथा करंट से सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जाएं।
संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा अविलंब स्थल निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और त्वरित समाधान को सुनिश्चित किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि जनहित और जनसुरक्षा के मद्देनजर इन संवेदनशील समस्याओं का त्वरित निराकरण अत्यंत आवश्यक है। आम आदमी पार्टी क्षेत्र की जनता के अधिकारों और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और यदि इस पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान डॉ. विजय देवांगन (जिला उपाध्यक्ष एवं छाया पार्षद),
संजय गुप्ता (प्रदेश सचिव, RTI विंग), नरेन्द्र ठाकुर (जिला महासचिव),रामदयाल यादव (सचिव, वार्ड क्रमांक 15),धनेश्वर नेताम (अध्यक्ष, वार्ड क्रमांक 16),गोविंद दीप (वरिष्ठ नेता/कार्यकर्ता) आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


