बेमेतरा/रायपुर
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सदस्य छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल, अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने आज बेमेतरा प्रवास के दौरान सपरिवार ज्योतिषपीठधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अभीमुक्तेश्वरानंद: सरस्वती जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्री ठाकुर ने भाइयों एवं परिवार के साथ महाराज श्री का विधिवत चरण-पादुका पूजन किया और उन्हें श्रद्धापूर्वक रुद्राक्ष की माला भेंट की।

महाराज श्री के साथ हुई आध्यात्मिक चर्चा के दौरान श्री मनोज सिंह ठाकुर ने धर्म की रक्षा और गौ-माता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने के अभियान के प्रति अपनी पूर्ण निष्ठा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “धर्म की जय हो और अधर्म का नाश हो” का उद्घोष केवल नारा नहीं, बल्कि हर सनातनी का संकल्प होना चाहिए। श्री ठाकुर ने कड़े शब्दों में कहा कि जो ‘पापी’ धर्म के नाम पर पाखंड करते हैं और गौ-हत्या जैसे महापाप पर मौन हैं, उनका पतन निश्चित है।
इस अवसर पर श्री ठाकुर ने महाराज श्री के सान्निध्य में संकल्प लिया कि वे अपनी वकालत और राजनीतिक शक्ति का उपयोग जनसेवा और धर्म की रक्षा के लिए निरंतर करते रहेंगे। चारों भाइयों की एक साथ उपस्थिति को महाराज श्री ने विशेष आशीर्वाद प्रदान किया।
