*बच्चों की पढ़ाई को ध्यान में रख आचार संहिता पर चुनाव आयोग और मुख्यमंत्री जी चिंतन करें-सूरज उपाध्याय, AAP*
रायपुर, 19 जनवरी 2025। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू जी ने कहा है कि प्रदेश सरकार राज्य में समय पर नगरीय निकाय चुनाव व पंचायत चुनाव करवाने में विफल रही। नगरीय निकाय और पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद राज्य सरकार ने सभी जगह प्रशासक नियुक्त कर दिए हैं और अब जब बच्चों के वार्षिक परीक्षाओं का समय आने वाला है तब सरकार चुनाव के लिए आचार संहिता लगाने वाली है। चुनाव में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी,कभी शिक्षक ट्रेनिंग, कभी वोटिंग के लिए और कभी काउंटिंग के लिए जायेंगे। जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। साथ ही इसी समय ही 10 वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा, NEET, जी की तैयारी और बहुत सारे इंट्रेस एग्जाम की तैयारी करतें हैं, अभी आचार संहिता लगाने से जिससे निश्चित ही बच्चों का पूरा शिक्षा सत्र प्रभावित होगा। इस बारे में चुनाव आयोग और मुख्यमंत्री जी को विचार करना चाहिए।
वहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता और सोशल मीडिया प्रभारी सूरज उपाध्याय जी का कहना है कि प्रदेश में 20 जनवरी से 28 जनवरी तक प्री बोर्ड परीक्षा होने वाली है। चुनाव में लगभग 2 लाख शिक्षकों की ड्यूटी लगेगी। और जबकि प्रदेश में 56 हजार शिक्षकों के पद रिक्त हैं स्पष्ट है की सभी स्कूलों में पढ़ाने के लिए शिक्षकों की कमी है। उस पर अगर शिक्षकों कीचुनाव हेतु ड्यूटी लग जाएगी तो उनकी इस वर्ष की शिक्षा बाधित होगी।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी बच्चों की शिक्षा को लेकर बहुत गंभीर है और चुनाव आयोग और मुख्यमंत्री जी से अपेक्षा करती है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव हेतु आचार संहिता अभी ना लगाते हुए गर्मी की छुट्टी में चुनाव करवाएँ।
