रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए 9 सदस्यों को शामिल किया। इन्हें मिलाकर साय कैबिनेट में 12 मंत्री हो गए हैं। एक पद खाली रखा गया है।
इनसे पहले सीएम के साथ दो डिप्टी सीएम अरूण साव, विजय शर्मा 13 दिसंबर को शपथ ले चुके थे। आज शामिल नए मंत्रियों में चार पुराने और पांच नए हैं। सभी मंत्रियों को राज्यपाल हरिचंदन ने राजभवन के दरबार हाल में आज गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन 9 मंत्रियों में सबसे पहले बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा ने शपथ ली। राज्यपाल हरिचंदन के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंचस्थ रहे। नौ मिनट में ही निपटे शपथग्रहण समारोह का संचालन कैबिनेट सचिव अमिताभ जैन ने किया। इस मौके पर विधानसभा स्पीकर डॉ. रमन सिंह, पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत सभी विधायक, भाजपा पदाधिकारी और नए मंत्रियों के परिजन मौजूद रहे।
